उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
काली मंदिर की बाउंड्रीवाल पर अवैध गेट लगाने का आरोप, ग्रामीण ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

काली मंदिर की बाउंड्रीवाल पर अवैध गेट लगाने का आरोप, ग्रामीण ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
बस्ती। हरैया तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत नंदनगर स्थित काली मंदिर की बाउंड्रीवाल पर कथित रूप से अवैध गेट लगाए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी सुरेंद्र कुमार उपाध्याय ने जिला प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उपजिलाधिकारी हरैया, थाना अध्यक्ष परशुरामपुर और राजस्व निरीक्षक सिकंदरपुर की मौजूदगी में हुए समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया गया है।
प्रार्थी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को ग्रामवासियों, ग्राम प्रधान, मंदिर के पुजारी और अन्य पक्षों की मौजूदगी में यह सहमति बनी थी कि काली मंदिर ग्राम सभा की संपत्ति है और उसका स्वामित्व किसी निजी व्यक्ति का नहीं होगा। साथ ही यह भी तय हुआ था कि मंदिर की बाउंड्रीवाल निर्धारित स्थान पर बनाई जाएगी तथा मंदिर के मुख्य द्वार के अतिरिक्त किसी अन्य स्थान से प्रवेश नहीं होगा। समझौते में मंदिर के सामने किसी निजी व्यक्ति द्वारा दुकान न बनाए जाने का भी उल्लेख किया गया था।
आरोप है कि 26 जुलाई 2026 की रात कुछ लोगों ने कथित रूप से बाउंड्रीवाल पर करीब 10 फीट का गेट लगवा दिया, जिससे एसडीएम हरैया के आदेश और पूर्व में हुए समझौते की अवहेलना हुई। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि इस घटना से गांव के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में नाराजगी है।
सुरेंद्र कुमार उपाध्याय ने अपने प्रार्थना पत्र में प्रशासन से मांग की है कि मंदिर की बाउंड्रीवाल पर लगाए गए कथित अवैध गेट को हटाया जाए, पूर्व सहमति के अनुसार बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाए तथा मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Subscribe to my channel


