उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम ने बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के दिए सख्त निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 3 अगस्त। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखे जाएं। जिला पंचायत राज अधिकारी एवं संबंधित विभागों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित कूड़ा निस्तारण तथा पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने तथा श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी फुटहिया चौराहे पर भी पहुंचीं, जहां उन्होंने यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और कांवड़ यात्रियों की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर नवागत अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीपीआरओ धनश्याम सागर, एसडीएम राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येंद्र भूषण तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


