उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृहद वृक्षारोपण, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) दानिश आजाद अंसारी ने रविवार को भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बस्ती में आयोजित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।
राज्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा उनकी नियमित देखभाल करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का वृक्षारोपण अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, हर्रैया विधायक अजय सिंह, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, चन्द्र प्रकाश शुक्ला, वरिष्ठ नेता जगदीश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख सदर राकेश श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि “वृक्ष लगाओ, पुण्य कमाओ” केवल एक नारा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने की अपील की।
हर्रैया विधायक अजय सिंह ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग आज पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती है। इससे निपटने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्षारोपण है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ सौ पुत्र के समान होता है”, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
कार्यक्रम में राजमाता अशिमा सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel


