बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
स्व. अणसी देवी बांठिया की सप्तम पुण्यतिथि पर धार्मिक आराधना एवं सेवा कार्यों का आयोजन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बांठिया परिवार द्वारा अपनी स्वर्गीय मातूश्री श्रीमती अणसी देवी सेवाराम जी बांठिया की सप्तम पुण्यतिथि श्रद्धा एवं धार्मिक भावनाओं के साथ मनाई गई। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों ने धार्मिक आराधना, गुरु वंदन तथा विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवार के सदस्य सीए ओमप्रकाश बांठिया ने बताया कि मातूश्री की पुण्यतिथि पर सामायिक साधना, नवकार महामंत्र स्मरण, गुरु भगवंतों के दर्शन-वंदन एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। परिवारजनों ने उनकी स्मृति में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उन्होंने बताया कि स्व. अणसी देवी ने अपने जीवन में धार्मिक साधना, नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आध्यात्मिक चिंतन को विशेष महत्व दिया। संघर्ष और अभावों के बीच भी उन्होंने धैर्य, साहस, नैतिकता तथा आपसी प्रेम-सौहार्द के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। उनके आदर्श आज भी परिवार के लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं।
इस अवसर पर लूणचंद एवं स्व. मोतीलाल बांठिया परिवार ने अहमदाबाद में गुरु भगवंतों के सानिध्य में धार्मिक आराधना की। वहीं सीए ओमप्रकाश बांठिया परिवार ने बेंगलुरु के पार्क वेस्ट परिसर में जीवदया प्रेरक एवं श्रमण संघीय मंत्री श्री कमल मुनि जी महाराज “कमलेश” के सानिध्य में प्रेरणाप्रद प्रवचन श्रवण कर धर्म आराधना की।
इसके साथ ही महावीर इंटरनेशनल के पर्यावरण संरक्षण जन-जागरण अभियान के तहत स्व. अणसी देवी की पुण्य स्मृति में “एक पौधा मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पार्क वेस्ट, मैपल आवास परिसर में पौधारोपण किया गया। परिवार की ओर से विभिन्न सामाजिक एवं सेवा संस्थाओं को सहयोग राशि भी प्रदान की गई।
बांठिया परिवार ने कहा कि मातूश्री के आदर्शों और संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं धार्मिक गतिविधियों में निरंतर योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

Subscribe to my channel


