बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
बालोतरा में भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित, दानदाताओं का हुआ सम्मान

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा के श्री वर्द्धमान आदर्श विद्या मंदिर प्रांगण में श्री वर्द्धमान जैन स्थानकवासी संस्थान द्वारा भव्य भामाशाह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीरज भाम्भू रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता सिद्धार्थदीप ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सोनल ललवानी, वंदना एवं रूपचंद सालेचा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं नवकार महामंत्र के साथ हुआ। इस दौरान श्राविका पौषधशाला निर्माण तथा समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में सहयोग देने वाले भामाशाहों का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। इससे पहले समाज के गणमान्य नागरिकों ने अतिथियों का साफा, माला और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
समारोह के संयोजक शांतिलाल अन्याव ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि भामाशाहों और समाज के जिम्मेदार लोगों के सहयोग से एक विशाल भवन का निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि यह बालोतरा संघ के पुण्यों का प्रतिफल है, जिसके कारण पूज्य प्रकाशमुनीजी महाराज का भव्य चातुर्मास बालोतरा श्री संघ को प्राप्त हुआ है।
मुख्य अतिथि नीरज भाम्भू ने अपने संबोधन में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पौषधशाला निर्माण एवं विद्यालय विकास में भामाशाहों का योगदान अत्यंत प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, कंपाउंडरों एवं विहार सेवार्थियों का भी सम्मान किया गया। समाज के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले भामाशाहों को “सेवा श्री सम्मान” से नवाजा गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पूनमचंद सुथार ने तीन दिवसीय संस्कार कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 14 मई को भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र एवं राजस्थान की गौरवशाली सांस्कृतिक गाथा पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी, जबकि 15 मई को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र एवं स्वर्णिम भारत की उपलब्धियों पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने जीवदया, जैन शासन, ज्ञानशाला, भामाशाह तथा युवा योगी जम्बू स्वामी के जीवन पर आधारित शानदार रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
अंत में स्थानकवासी समाज के अध्यक्ष मोतीलाल हुंडिया ने सभी अतिथियों, भामाशाहों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुजल हुंडिया एवं शरद गोयल ने किया।

Subscribe to my channel


