बालोतरा, 25 मार्च। बालोतरा जिले में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने और जल संकट से निपटने के लिए विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने जनप्रतिनिधियों एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में पेयजल आपूर्ति, जल संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर रोक को लेकर गंभीरता से चर्चा की गई।
विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने कहा कि वर्तमान में परियोजना से जिले को अपेक्षाकृत कम जलापूर्ति मिल रही है, ऐसे में इसके विकल्प तैयार किए जाएं ताकि आमजन को पर्याप्त पानी मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा जारी राशि का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की पेयजल समस्याएं सामने रखीं, जिस पर समाधान के लिए मंथन किया गया। विधायक ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही खराब पड़े हैंडपंपों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जल का मितव्ययता से उपयोग किया जाए और “हर नल पर टोटी” अभियान को प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए जल बचाने की आवश्यकता बताई।
विधायक डॉ. चौधरी ने जल चोरी और पेयजल के व्यावसायिक उपयोग पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जाए और लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अवैध जल कनेक्शनों पर एफआईआर दर्ज करने और जुर्माना वसूलने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जलदाय विभाग एवं परियोजना अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया, ताकि “हर घर जल” का लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।
बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि दिए गए निर्देशों की पालना करते हुए क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा, छत्राराम, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत मोदी, मदन चोपड़ा पूर्व प्रतिपक्ष नेता समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।