उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में वित्तीय एवं प्रशासकीय विलम्ब समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न, योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता पर जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 24 मार्च 2026 (सू.वि.)
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय विलम्ब समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष डॉ. रतनपाल सिंह ने की, जिसमें बस्ती मंडल के अंतर्गत जनपद बस्ती और संतकबीरनगर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभागवार बजट आवंटन एवं व्यय की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
समीक्षा के दौरान समिति के सदस्यों ने दिसंबर 2025 तक स्वीकृत बजट के सापेक्ष व्यय की स्थिति और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का गहन विश्लेषण किया। अधिकारियों ने योजनाओं के तहत आवंटित धनराशि, खर्च की गई राशि और धरातल पर पूर्ण किए गए कार्यों की जानकारी दी। साथ ही योजनावार एवं वर्षवार शेष बजट का भी ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।
अध्यक्ष डॉ. रतनपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए कहा कि ये योजनाएं सीधे ग्रामीण जनता से जुड़ी होती हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, हरि प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी योजनाओं की प्रगति पर अपने सुझाव दिए और जमीनी स्तर पर कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता की समय-समय पर जांच कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छता, पेयजल, सड़क और नाली निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समिति ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीएफओ डॉ. शिरीन, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम सहित बस्ती और संतकबीरनगर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


