खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

तिजारा में NSS विशेष शिविर का समापन, समाज सेवा से राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

तिजारा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तिजारा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर (सत्र 2025-26) का शनिवार को उत्साहपूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने समाज सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्षद विसंवर दयाल सैनी, पार्षद अनिल सैनी, प्रजापति समाज के जिलाध्यक्ष सतपाल प्रजापति एवं मनोज नंबरदार रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि NSS केवल प्रमाण पत्र तक सीमित नहीं, बल्कि यह युवाओं को समाज की वास्तविक समस्याओं से जोड़कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार ने की। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने श्रमदान के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भारती पाल ने शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि स्वयंसेवकों ने ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत विद्यालय परिसर और आसपास की बस्ती में सफाई अभियान चलाया तथा जल निकासी व्यवस्था में सुधार किया। इसके साथ ही नशामुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मतदाता जागरूकता जैसे विषयों पर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया गया। शिविर के दौरान आयोजित बौद्धिक सत्रों में विशेषज्ञों ने व्यक्तित्व विकास, प्राथमिक चिकित्सा और करियर मार्गदर्शन से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी। समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने “विविधता में एकता” विषय पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को ‘सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक’ पुरस्कार तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जयसिंह ने किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन हुआ। इनका रहा सहयोग: कार्यक्रम के सफल आयोजन में महेश कुमार, विजेता यादव, महेंद्र गुप्ता, दीपक शर्मा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button