खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, समर कंटीन्जेंसी कार्य 15 अप्रैल से पहले पूर्ण करने के निर्देश
जिला कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 19 मार्च। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सचिवालय खैरथल में समर कंटीन्जेंसी, बजट घोषणाओं तथा विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने समर कंटीन्जेंसी से संबंधित सभी कार्यों को 15 अप्रैल से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को समर कंटीन्जेंसी के तहत स्वीकृत कार्यों, विशेषकर बोरवेल खुदाई सहित एसडीएम की अध्यक्षता में गठित ब्लॉक स्तरीय समितियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों से अमृत 2.0 योजना की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा पंच गौरव कार्यक्रम के तहत अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को 31 मार्च से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने जिले में सहकारी समितियों से संबंधित भूमि आवंटन प्रकरणों पर चर्चा करते हुए भूमि चिन्हिकरण से लेकर आवंटन तक की पूरी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य बजट घोषणाओं के तहत जिला स्तर पर होने वाले कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने स्कूलों में निरीक्षण कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को नियमों के अनुरूप नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में छात्रों की कम उपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए मॉनिटरिंग बढ़ाकर उपस्थिति प्रतिशत में सुधार करने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यानिकी एवं कृषि विभाग की योजनाओं जैसे सोलर पंप, फार्म पॉन्ड और तारबंदी योजना में धीमी प्रगति पर जिला कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कुसुम योजना (कंपोनेंट ए एवं सी), आईएचएचएल, एमजेएसए, अटल ज्ञान केंद्र और अटल प्रगति पथ सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अधीक्षण अभियंता जलदाय विभाग धर्मवीर यादव, जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल, उपनिदेशक सहकारिता विभाग वेद प्रकाश सैनी, नगर परिषद कमिश्नर मुकेश शर्मा, नगर परिषद आयुक्त भिवाड़ी मुकेश, संयुक्त निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग वीरेंद्र त्यागी, उपनिदेशक उद्यानिकी, गोपाल, उप जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पूरणमल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


