ब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बांसवाड़ा को मिली नई एसपी: ज्येष्ठा मैत्रेयी संभालेंगी कानून-व्यवस्था की कमान, युवाओं को देंगी नई दिशा

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
बांसवाड़ा: 2018 बैच की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी ज्येष्ठा मैत्रेयी को बांसवाड़ा जिले का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। अपनी सख्त कार्यशैली और संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए जानी जाने वाली मैत्रेयी अब आदिवासी अंचल में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगी।
ज्येष्ठा मैत्रेयी का स्पष्ट मानना है कि पुलिस और आमजन के बीच मजबूत भरोसे का रिश्ता ही प्रभावी कानून-व्यवस्था की नींव होता है। इसी सोच के साथ वे जिले में कार्य करने जा रही हैं।
जनजातीय युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
नई एसपी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता आमजन से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं व अपेक्षाओं को समझना होगा। खासतौर पर जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने की योजना पर काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही दिशा और अवसर देने की है।
युवाओं के बीच बनीं प्रेरणास्त्रोत
आईपीएस बनने के बाद भी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने खुद को केवल प्रशासनिक दायित्वों तक सीमित नहीं रखा। वे दिल्ली सहित विभिन्न मंचों पर यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन देती रही हैं। उनके व्याख्यानों में परीक्षा की रणनीति के साथ-साथ ईमानदारी, अनुशासन, संघर्ष और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश प्रमुख रूप से शामिल होता है।
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा पर फोकस
पुलिस मुख्यालय में सीआईडी-सीबी से स्थानांतरित होकर आईं मैत्रेयी ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता अपराध नियंत्रण, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा साइबर अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाना होगा।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
मध्यप्रदेश के गुना जिले में जन्मी ज्येष्ठा मैत्रेयी के पिता गिरीश चंद्र आर्य बिजली बोर्ड में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता मंजू देवी एक स्कूल की प्राचार्य हैं। ज्येष्ठा ने यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा को पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान हासिल किया।

Subscribe to my channel


