भाजपा जिलाध्यक्ष ही नहीं सुन पाए ‘मन की बात’: कार्यक्रम में चालू नहीं हुआ टीवी फ़ोटो खिंचाकर हुई खानापूर्ति
बंद एल सी डी के सामने देखते रहे मन की बात कार्यक्रम

संवाददाता करण सिंह ठाकुर
गुना। पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम सुनने के लिए आयोजित कार्यक्रम में लापरवाही के कारण भाजपा की काफी किरकिरी हुई। जिस जगह खुद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रसारण सुनने पहुंचे, वहीं पर टीवी नहीं चला। काफी प्रयास के बाद भी टीवी चालू नहीं हुआ। एक ब्लूटूथ स्पीकर को मोबाइल से कनेक्ट कर प्रसारण सुनना पड़ा। हालांकि, उसकी आवाज इतनी भी नहीं थी कि तीन फीट दूर बैठे जिलाध्यक्ष को आवाज आ सके। इस प्रकार को अव्यवस्था देख जिलाध्यक्ष ने काफी नाराजगी जाहिर की।

बता दें कि जिले में 1085 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित होने की बात भाजपा जिलाध्यक्ष ने कही थी। जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने बताया था कि जिले की चारों विधानसभा गुना, बमोरी, राधौगढ़ एवं चाचौड़ा में 100-100 मतदान केंद्रों पर 100-100 लोगों की उपस्थिति में मन की बात के कार्यक्रम आयोजित कर मन की बात को ऐतिहासिक बनाकर सुना जायेगा । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ भारत की राजनीति के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ है। यह कार्यक्रम देश के इतिहास में पहला कार्यक्रम है जो गैर राजनैतिक है।
रविवार को मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण देखने के लिए कई जगह तैयारियां की गई थी। हालांकि, पार्टी द्वारा किये गए दावों के उलट स्थिति देखने को मिली। 100-100 बूथों पर 100-100 लोगों के साथ कर्यक्रम का प्रसारण सुना जाना था, लेकिन अधिकतर बूथों पर पर्याप्त संख्या नहीं थी। केवल पंचायत मंत्री के धानवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम और युवा मोर्चा द्वारा शहर के वार्ड क्रमांक 7 में आयोजित कार्यक्रम में ही कार्यकर्ताओं की अच्छी संख्या रही।
सबसे बड़ी अव्यवस्था भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार के कार्यक्रम में देखी गयी। उन्हें शहर के कैंट इलाके में बूथ क्रमांक 138 पर शामिल होना था। यहां एक 15×15 का टेंट लगाया गया था। आस-पड़ोस से ही किसी से मांगकर एक छोटा टीवी लगाया था। हालांकि, यह टीवी चालू ही नहीं हो पाया। कार्यकर्ताओं को टीवी चालू करने ही नहीं आया। जबकि भाजपा के कैंट मंडल अध्यक्ष राजू यादव इसी इलाके से आते हैं। वहीं इसी कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष राजेश राजपूत भी यहां मौजूद थीं। 11 बजे जब जिलाध्यक्ष पहुंचे, तब भी कार्यकर्ता टीवी चालू करने का प्रयास ही कर रहे थे। अंत में थक-हारकर एक ब्लूटूथ स्पीकर लाया गया और उसे मोबाइल से कनेक्ट किया गया। हालांकि, इसकी आवाज इतनी भी नहीं थी कि 3 फीट दूर बैठे व्यक्ति को सुनाई दे सके। इस तरह की अव्यवस्था पर जिलाध्यक्ष ने काफी नाराजगी जाहिर की।
Subscribe to my channel


