उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़संतकबीर नगरस्वास्थ्य

पारिवारिक कलह से तंग आकर विवाहिता ने पंखे से लटककर दी जान

महुली थाना क्षेत्र के साखी गांव की घटना, एक साल पहले हुई थी प्रेम विवाह - पुलिस ने पति को हिरासत में लिया, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

ब्यूरो चीफ राणा प्रताप राय

 

संत कबीर नगर

जनपद के महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत साखी में मंगलवार की सुबह पारिवारिक कलह के चलते एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। प्रेम विवाह के महज एक साल बाद ही घरेलू विवाद से तंग आकर महिला ने कमरे के भीतर पंखे के सहारे दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और कानूनी कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार, अनामिका गुप्ता पुत्री रमेश गुप्ता (निवासी शहीद भगत सिंह वार्ड, कसया, कुशीनगर) का प्रेम प्रसंग साखी निवासी रत्नेश राय उर्फ राहुल के साथ था। करीब एक वर्ष पूर्व दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम घर में खाने-पीने के बाद पारिवारिक विवाद शुरू हो गया। पति रत्नेश और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज हुई। इस विवाद के दौरान पति-पत्नी के बीच भी काफी कहासुनी हुई। इसी बात से आहत होकर अनामिका अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

देर रात अनामिका ने कमरे में रखे बेड पर कुर्सी रखी और पंखे में दुपट्टे का फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो ससुर शिवप्रसाद राय ने खिड़की से देखा और शोर मचाया। परिजनों के होश उड़ गए जब उन्हें पता चला कि बहू ने फांसी लगा ली है। ससुर ने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को मामले की सूचना दी।

महुली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। चूंकि मामला विवाहिता की मौत से जुड़ा था, इसलिए मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कमरे का दरवाजा तुड़वाया गया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया। मृतका के परिजनों को कुशीनगर में सूचना दे दी गई है।

ससुर शिवप्रसाद राय ने बताया कि शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन छोटी-छोटी बातों को लेकर होने वाला झगड़ा इतना बड़ा रूप ले लेगा, इसकी उम्मीद नहीं थी। थाना प्रभारी रजनीश राय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Rana Pratap Rai

Beuro Chief Sant kabir nagar

Rana Pratap Rai

Beuro Chief Sant kabir nagar

Related Articles

Back to top button