उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में महिला उत्पीड़न पर जनसुनवाई एवं बाल विकास केंद्रों का निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 17 दिसम्बर 2025:
राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती एकता सिंह ने आज सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने उनका स्वागत बुके देकर किया।
जन सुनवाई में श्रीमती एकता सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने में अपना उत्तरदायित्व सुनिश्चित करें। इस अवसर पर महिला उत्पीड़न के कुल 5 प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इनमें से 2 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जन सुनवाई में उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में एसीएमओ डॉ. एस.बी. सिंह, डीपीओ आईसीडीएस राजेश कुमार, सीडीपीओ सदर जयप्रकाश सिंह, महिला एसएचओ शालिनी सिंह, मंजू सिंह, एडीओ समाज कल्याण, जिला प्रोबेशन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अशोक सिंह, संरक्षण अधिकारी बीना सिंह आदि शामिल थे।
इसके बाद श्रीमती एकता सिंह केशवपुर आंगनबाड़ी केंद्र पहुँची, जो नॉन-लोकेटेड केंद्र है। वहाँ उन्होंने बच्चों से गिनती और एबीसीडी सुनवाई की और गर्भवती श्रीमती पूजा की गोद भराई की। साथ ही श्री रामचंद्र जी की प्रतिमा भी उन्हें भेंट की गई।
शंकरपुर प्राथमिक विद्यालय में पहुँचकर उन्होंने सर्वप्रथम आंगनबाड़ी केंद्र में उर्मिला पत्नी दिलीप कुमार की गोद भराई की और बच्ची आसमी का अन्नप्राशन कराया। सीडीपीओ बलराम सिंह ने बताया कि गर्भवती महिला की सुरक्षा, बच्चे के स्वस्थ विकास और 2 वर्ष तक स्तनपान कराना माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक है।
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने विद्यालय के किचन का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता की भी जाँच की। उन्होंने विद्यालय के बाथरूम में गंदगी देखी और साफ-सफाई का तुरंत निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सेविका कुमुद सिंह, सरिता सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सुमन लता, कृष्णावती सिंह, विजय द्विवेदी, कुसुम लता रानी, हर्ष कुमारी, सीता सती उपस्थित थीं।

Subscribe to my channel


