राजपुरोहित समाज विकास न्यास एवं श्री खेतेश्वर ब्रह्मधाम तीर्थ, श्री ब्रह्माजी मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री गुरुदेवजी की प्रेम सभा का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे श्री सद्गुरुदेव भगवान के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ, गादीपति परम पूज्य ब्रह्मर्षि श्री तुलछारामजी महाराज के सान्निध्य में किया गया।
इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में भक्त-भाविक एवं श्रद्धालुजन उपस्थित हुए। प्रातःकाल मंगला आरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने निरंतर दर्शन श्रृंखला में श्री ब्रह्माजी भगवान, लक्ष्मीनारायण, शिव मंदिर एवं कुलगुरु ब्रह्मर्षि श्री खेतारामजी महाराज के वैकुण्ठधाम मंदिर में दर्शन कर नैवेद्य, नारियल अर्पण एवं हवन किया। देश-प्रदेश की खुशहाली, समाज में प्रेम व सौहार्द बनाए रखने हेतु सामूहिक प्रार्थनाएं की गईं। मंदिर प्रांगण जयघोष से गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
समाज को दिए सद्गुरुदेव के प्रेरणादायी संदेश
परम पूज्य ब्रह्मर्षि श्री तुलछारामजी महाराज ने अपने आशीर्वचनों में समाज को महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि माता-पिता की सेवा, गोमाता की रक्षा एवं कन्याओं के सम्मान से ही समाज में शांति और समृद्धि संभव है। उन्होंने सत्य, सेवा और शिक्षा को जीवन का मूल मंत्र बताते हुए नशामुक्त समाज, शिक्षा में जागरूकता, विवेकपूर्ण सोच तथा वैदिक परंपराओं के अनुसार दांपत्य जीवन अपनाने का आह्वान किया।
महाराज श्री ने समाज को अनावश्यक खर्च से बचने और शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्नक्षेत्र जैसे सामाजिक कल्याण कार्यों में सहयोग करने की प्रेरणा दी। साथ ही परिवार में आपसी प्रेम, एकता और संस्कारों को बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
संत-महात्माओं व जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में अनेक संत-महात्मा एवं मठाधीशों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से
महंत श्री निर्मलदासजी, महंत श्री जगरामपूरीजी, महंत श्री परशुरामगिरीजी, महंत श्री उकारभारतीजी, महंत श्री मोरनाथजी, महंत श्री दयारामजी (राजाराम आश्रम), महंत श्री विष्णु स्वरूपजी, महंत श्री हुक्मानंदजी महाराज सहित अन्य साधक सम्मिलित रहे।
साथ ही मंच पर अनेक राजनीतिक एवं जनप्रतिनिधियों का न्यास द्वारा सम्मान व अभिवादन किया गया, जिनमें
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे सिंधिया,
राज्य मंत्री श्री कृष्णकुमार विश्नोई,
पूर्व मंत्री श्री अमराराम चौधरी,
विधायक श्री हमीरसिंह भायल (सिवाना), श्री अरुण चौधरी (पचपदरा), श्री रविंद्रसिंह भाटी (शिव) सहित भाजपा के जिला व मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रसाद वितरण व सफल आयोजन
भक्तों को मैथी के लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। ट्रस्ट के महामंत्री श्री बाबूलालजी राजपुरोहित, उपाध्यक्ष श्री रामसिंहजी अराबा, श्री दयालालजी रमणिया एवं समस्त ट्रस्टीगण कार्यक्रम में उपस्थित रहे। मंच संचालन श्री रामसिंहजी बोथिया (कोषाध्यक्ष) द्वारा किया गया। आयोजन की व्यवस्थाओं में प्रशासन का विशेष सहयोग रहा।