बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने गौशालाओं का किया औचक निरीक्षण, लम्पी रोग से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 17 सितम्बर। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने गुरुवार को गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला बीकानेर तथा नंदनवन गौशाला, दियातरा का औचक निरीक्षण कर लम्पी स्किन रोग की रोकथाम एवं टीकाकरण अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बीरमाराम, डॉ. राजेश हर्ष तथा पशुधन निरीक्षक मुकेश यादव भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने दोनों गौशालाओं में गौवंश के लम्पी रोग टीकाकरण की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
गौशाला अध्यक्षों ने बताया कि पशुपालन विभाग की टीम द्वारा गौशालाओं में मौजूद सभी गौवंश का टीकाकरण पूर्ण कर दिया गया है तथा लगातार पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी भी की जा रही है।
श्रीमती शैलजा पांडे ने गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में स्वच्छता बनाए रखना लम्पी सहित अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने नियमित सफाई, कीटाणुनाशक दवाओं के छिड़काव और पशुओं के रहने के स्थान को साफ रखने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने गौशालाओं में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड का भी निरीक्षण किया और बीमार अथवा संदिग्ध पशुओं को अलग रखने की व्यवस्था को परखा। उन्होंने अधिकारियों को लम्पी रोग के संभावित मामलों की पहचान के लिए सघन सर्वेक्षण चलाने तथा प्रत्येक पशु की नियमित स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती शैलजा पांडे ने गौवंश को गुड़ खिलाया,और गौशाला संचालकों से पशुओं के चारे, पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालन विभाग और गौशाला प्रबंधन से समन्वय बनाकर लम्पी रोग की रोकथाम के लिए सतर्कता और त्वरित कार्रवाई जारी रखने का आह्वान किया।

Subscribe to my channel


