उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
विक्रमजोत में नवम पोषण माह का शुभारंभ, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 10 सितम्बर 2026। ब्लॉक विक्रमजोत सभागार में बाल विकास परियोजना विक्रमजोत की ओर से नवम पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख विक्रमजोत कृष्ण कुमार सिंह के.के. सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी विक्रमजोत संदीप सिंह ने की, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन सीडीपीओ बलराम सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक रंगोली प्रदर्शन से हुई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं संगीता वर्मा, अनामिका सिंह और प्रीति द्विवेदी द्वारा तैयार की गई रंगोली के माध्यम से पोषण संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। रंगोली में दो प्रकार के पाई डायग्राम बनाए गए थे। इनमें एक पोषण चक्र से संबंधित था, जबकि दूसरा राष्ट्रीय स्तर पर लाभार्थियों की संख्या को प्रदर्शित करता था।
सीडीपीओ बलराम सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नवम पोषण माह की विषय-वस्तु और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के खान-पान, पोषण स्तर तथा व्यवहार परिवर्तन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण संबंधी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है, ताकि पात्र गर्भवती महिलाओं को योजना का लाभ मिल सके और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इसके अलावा पंचायत विभाग द्वारा खरीदी गई 44 नाप-तौल मशीनों का वितरण भी किया गया।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सीडीपीओ बलराम सिंह सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की प्रशंसा की। खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह ने भी कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
विशिष्ट अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार ने पोषण कार्यशाला में नवम पोषण माह की विषय-वस्तु पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पोषण ट्रैकर से संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर अतुल कुमार सिंह, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी बड़काऊ वर्मा, सहायक पंचायत अधिकारी विक्रमजोत, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा एवं एएनएम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य सेविका सरिता सिंह, कुमुद सिंह, प्रतीक्षा सिंह, तनु पांडेय, अनिता कुमारी तथा कनिष्ठ सहायक रूपेश कुमार की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के बेहतर पोषण के साथ-साथ समुदाय में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Subscribe to my channel


