बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
वार्ड 51 से निर्दलीय प्रत्याशी त्रिलोक सिंह ने जारी किया विकास का संकल्प पत्र

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 51 में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड 51 से निर्दलीय प्रत्याशी त्रिलोक सिंह ने वार्डवासियों के समक्ष अपना विकास एजेंडा और चुनावी संकल्प प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पद की लालसा नहीं, बल्कि वार्ड की समस्याओं का समाधान और नागरिक सुविधाओं में सुधार करना है।
त्रिलोक सिंह ने अपने संदेश में वार्ड को साझा परिवार बताते हुए कहा कि वार्ड की प्रत्येक गली, मोहल्ले और नागरिक की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने वार्डवासियों से अपने पक्ष में मतदान कर सेवा का अवसर देने की अपील की।
सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने महिलाओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित महिला शौचालय तथा पुरुषों के लिए अलग सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था करवाने का प्रयास करने की बात कही।
सफाई और जलभराव की समस्या दूर करने का संकल्प
वार्ड में नियमित रूप से लगने वाले कचरे के ढेर और गंदगी की समस्या के स्थायी समाधान का प्रयास करने की बात कही गई है। इसके साथ ही नालियों की सफाई, जल निकासी और जलभराव के कारण होने वाली कीचड़ एवं दुर्गंध की समस्या को दूर करने को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया है।
बिजली समस्याओं को लेकर विभाग से संवाद का भरोसा
त्रिलोक सिंह ने वार्ड में बिजली कटौती और विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग एवं अधिकारियों के साथ लगातार संवाद करने की बात कही। उनका कहना है कि नागरिकों की बिजली संबंधी शिकायतों को उचित स्तर तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की बात
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी वार्डवासियों तक पहुंचाने तथा पात्र जरूरतमंद परिवारों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और वंचित वर्गों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया।
प्रमुख सर्किलों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव
वार्ड क्षेत्र के प्रमुख स्थलों के विकास को भी अपने एजेंडे में शामिल करते हुए त्रिलोक सिंह ने तुलसी सर्किल, अग्रसेन सर्किल, सार्दुल सिंह सर्किल और महाराजा गंगा सिंह सर्किल के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रयास करने की बात कही।
टैक्सियों के आवागमन की व्यवस्था सुधारने पर जोर
वकीलों की गली के आगे से गुजरने वाली टैक्सियों के कारण होने वाली यातायात संबंधी परेशानी के समाधान के लिए व्यावहारिक व्यवस्था बनाने का प्रयास करने की बात भी उनके चुनावी संकल्प में कही गई है।
त्रिलोक सिंह ने कहा कि वार्डवासियों द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले सुझावों और समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे बड़े राजनीतिक दलों के बजाय स्वतंत्र रूप से जनता के बीच हैं और उनका फोकस वार्ड के स्थानीय मुद्दों पर रहेगा।
अपने चुनावी संदेश में उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस बार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर वार्ड के भविष्य और स्थानीय विकास को ध्यान में रखते हुए मतदान करें।
त्रिलोक सिंह वार्ड नंबर 51 से निर्दलीय प्रत्याशी हैं और उनका चुनाव चिन्ह सेब (🍎) है।

Subscribe to my channel


