खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम, जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर जोर

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 10 अगस्त। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से लंबित शिकायतों की संख्या में कमी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवाद जो संबंधित विभाग से जुड़े नहीं हैं, उनमें परिवादी से संपर्क कर प्रकरण को उचित विभाग को समय पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक रूप से प्रकरणों को एक विभाग से दूसरे विभाग में लंबित नहीं रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलेक्टर ने सांख्यिकी विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल प्लान की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में अपने-अपने विभाग की प्रगति एवं आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, प्रभात फेरी सहित निर्धारित कार्यक्रम आयोजित करवाने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पालनहार एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन सत्यापन तथा अध्ययनरत प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा, ताकि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता जेवीवीएनएल रूप सिंह, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अधिशासी अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मेंद्र यादव, कोषाधिकारी गोपाल कालरा, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग महेंद्र कुमार, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी, सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. अजीत बालियान, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, जिला रोजगार अधिकारी, कृषि, कृषि उपज मंडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


