उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

बस्ती: बेनीपुर गांव में बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों को दिए गए बचाव के अहम टिप्स

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 3 अगस्त। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में संचालित बाढ़ पूर्व तैयारियों एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत विकासखंड क्षेत्र के ग्राम बेनीपुर में सोमवार को बाढ़ सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को संभावित बाढ़ की स्थिति में सुरक्षा उपायों, समय रहते तैयारी तथा आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में 30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा की बाढ़ राहत टीम के प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान सुरक्षित रहने के उपाय बताए। उन्होंने खोज एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए लाइफ जैकेट के सही उपयोग, घबराने के बजाय संयम बनाए रखने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में सामुदायिक सहयोग के महत्व की जानकारी दी।

जिला आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने बाढ़ आने से पहले की जाने वाली तैयारियों, परिवार एवं पशुधन की सुरक्षा, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने, आपातकालीन किट तैयार करने तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने की सलाह दी। उन्होंने बाढ़ के दौरान और उसके बाद अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों और ‘क्या करें, क्या न करें’ की विस्तृत जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

कार्यक्रम के दौरान वर्षा एवं बाढ़ के मौसम में बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों को इससे बचाव एवं प्राथमिक उपचार के बारे में भी जागरूक किया गया। रंजीत रंजन ने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय रोगी को शांत रखें, प्रभावित अंग को कम से कम हिलाएं और तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार कराएं।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, युवा, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी प्राप्त कर भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने तथा अपने गांव को अधिक सुरक्षित और आपदा-प्रतिरोधी बनाने का संकल्प लिया।

जिला प्रशासन ने बताया कि बाढ़ संभावित अन्य गांवों में भी इसी प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक नागरिक आपदा के प्रति जागरूक एवं हर परिस्थिति के लिए तैयार रह सके।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button