बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण के लिए 4 जुलाई को बालोतरा आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 25 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 4 जुलाई को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी परियोजना के लोकार्पण के लिए प्रस्तावित दौरे पर आ सकते हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

पचपदरा में स्थापित यह रिफाइनरी देश की पहली ग्रीन फील्ड रिफाइनरी मानी जा रही है, जो बीएस-6 मानकों के अनुरूप पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन करेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से राजस्थान सहित पूरे देश के ऊर्जा क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

दौरे की तैयारियों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सभी सरकारी कार्यालयों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। अवकाश के दिनों में भी राजकीय कार्यालय खुले रखने तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय समय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

पचपदरा रिफाइनरी परियोजना को प्रदेश के औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके संचालन से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के संभावित दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और प्रशासनिक अमला कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button