लखीमपुर खीरी, 13 जून 2026। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र, श्री किरण एस. ने शनिवार को जनपद खीरी का भ्रमण कर पुलिस लाइन स्थित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद आगमन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान आईजी ने भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में आईजी श्री किरण एस. की अध्यक्षता में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों, विशेषकर मोहर्रम के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, पीस कमेटियों के साथ संवाद बढ़ाने तथा सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
आईजी ने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट एवं गुंडा एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने खीरी पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना, वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी तथा गुमशुदा एवं अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी किरण एस. ने पत्रकारों को जनपद की कानून व्यवस्था एवं पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस-पब्लिक पार्टनरशिप को मजबूत बनाने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।