देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

पीपाड़ में हाजियों का भव्य स्वागत, मोहम्मदी खाने के साथ दी गई हज मुबारकबाद

 

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

पीपाड़, 09 जून 2026। हज यात्रा पूरी कर सकुशल लौटे हाजियों का पीपाड़ क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर मोहम्मदी खाना (दावत) का आयोजन किया गया तथा सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक प्रतिनिधियों ने हाजियों को हज मुबारकबाद देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल जीवन की कामना की।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में विश्वभर से लगभग 35 लाख तथा भारत से करीब 90 हजार श्रद्धालुओं ने हज यात्रा की। राजस्थान से 3450 हज यात्री पवित्र मक्का-मदीना की जियारत के लिए गए थे। जोधपुर जिले की पीपाड़ उपखंड से कुल 32 हाजी हज यात्रा पर गए, जिनमें 29 यात्री 23 अप्रैल तथा 3 यात्री 1 मई को जयपुर से रवाना हुए थे।

23 अप्रैल को रवाना हुए 29 हाजी 8 जून को जयपुर लौटे और देर रात अपने-अपने घर पहुंच गए। इसके बाद 9 जून को विभिन्न स्थानों पर स्वागत समारोह एवं दावतों का आयोजन किया गया।

निकटवर्ती बोयल ग्राम पंचायत स्थित इबूखान जी की ढाणी में हाजी उम्मेद अली एवं हाजन कंवरा बानो के परिवार की ओर से विशेष स्वागत कार्यक्रम रखा गया। इस अवसर पर राजस्थान के पूर्व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र चौधरी अपनी टीम के साथ पहुंचे और हाजियों को हज मुबारकबाद दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक हीराराम मेघवाल, पीसीसी सचिव नरपत पन्नू, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष अल्लाह नूर, सिंधीपुरा सरपंच रमजान खान, युवा नेता भगीरथ, ब्लॉक अध्यक्ष इस्माइल खान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

वहीं सिंधीनगर में हाजी रमजान खान (फौजी), हाजन मिस्की बानो, हाजी रज्जाक खान एवं हाजन हवा बानो के स्वागत कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सरपंच अब्दुल अजीज सहित क्षेत्र के प्रमुख नागरिकों ने अतिथियों का स्वागत किया।

पीपाड़ सिटी के सिंधियों की बास स्थित एक्सलेंट विद्यालय परिसर में हाजी शमसुद्दीन एवं हाजन कसूमी बानो के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में जोधपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उनका इस्तकबाल किया।

इस अवसर पर समाजसेवी सफरू खान खारिया ने कहा कि हाजी बनना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण हाजी जैसा जीवन व्यतीत करना है। उन्होंने उपस्थित लोगों से नशामुक्त और सदाचारपूर्ण जीवन अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुस्से, नशे और गाली-गलौज जैसी बुराइयों से दूर रहकर समाज में सकारात्मक संदेश देना चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर नशा मुक्ति अभियान का बैनर भी लगाया गया।

हाजियों के स्वागत और सम्मान को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा तथा लोगों ने उनकी सकुशल वापसी पर खुशी व्यक्त की।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button