रिपोर्ट : डॉ. संजय पांडेय, स्टेट हेड (उत्तर प्रदेश)
मोबाइल : 7376326175
खीरी, 3 जून 2026। जनपद खीरी के थाना नीमगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरी और लूट की घटनाओं में वांछित पांच अभियुक्तों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नीमगांव पुलिस ने अल्हवापुर पुल के पास चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त मौजीराम के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे और उसके चार अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मौजीराम, आलोक कुमार, सुमित प्रजापति, अभय प्रताप सिंह और सर्वेश राठौर के रूप में हुई है। सभी अभियुक्त खीरी और सीतापुर जनपदों में चोरी, छिनैती और लूट की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक मोटरसाइकिल इंजन, चार मोबाइल फोन, दो क्षतिग्रस्त मोबाइल, स्कूटी की चाबी तथा 5300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शराब की दुकानों के सेल्समैनों का पीछा कर सुनसान स्थानों पर उन्हें रोकते थे और हथियारों के बल पर नकदी व मोबाइल लूट लेते थे। आरोपियों ने सीतापुर और खीरी में भी इसी प्रकार की कई घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ सीतापुर और खीरी जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और छिनैती के कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी और मुठभेड़ के संबंध में थाना नीमगांव में नया मुकदमा भी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम के नेतृत्व में थाना नीमगांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।