लखीमपुर खीरी। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत खीरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में दर्ज 35 अभियोगों से संबंधित भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिक निस्तारण एवं विनष्टीकरण कराया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में यह कार्रवाई माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई।
जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) द्वारा लगभग ₹1,10,04,954 कीमत के कुल 102.98383 किलोग्राम मादक पदार्थों को 23 मई 2026 को स्टार पोलोटेक कॉमन बायो-मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट फैसिलिटी, माहोली जनपद सीतापुर स्थित इंसीनेरेटर मशीन के माध्यम से नष्ट कराया गया।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) एवं नोडल नारकोटिक्स सेल प्रभारी अमित कुमार राय के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइंस जावेद इकबाल खान, नारकोटिक्स सेल प्रभारी मनबोध तिवारी, आरक्षी युगलेश कुमार एवं आरक्षी विनोद बाबू शुक्ला मौजूद रहे।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों का विवरण
गांजा – 59 किलोग्राम
चरस – 21.4 किलोग्राम
डोडा – 18.7 किलोग्राम
स्मैक / हेरोइन – 0.06538 किलोग्राम
अल्प्रासेफ नशीली गोलियां – 0.21845 किलोग्राम
कोडीन सिरप – 3.6 किलोग्राम
पुलिस विभाग के अनुसार पूरी प्रक्रिया पर्यावरणीय, वैज्ञानिक एवं विधिक मानकों का पालन करते हुए पूर्ण पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराई गई। इसका उद्देश्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को और अधिक प्रभावी करना है।
खीरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से भी इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की गई है।