उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
बस्ती में किसानों के लिए खुशखबरी: खेत तालाब योजना में ऑनलाइन आवेदन शुरू, मिलेगा ₹52,500 तक अनुदान

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 05 मई 2026: जनपद के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने, भूजल स्तर बढ़ाने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” घटक में खेत तालाब योजना संचालित की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इच्छुक किसानों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
भूमि संरक्षण अधिकारी डा. राजमंगल चौधरी ने बताया कि किसान विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर जाकर “खेत तालाब पर अनुदान हेतु टोकन निकालें और बिल अपलोड करें” लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
₹1000 टोकन मनी जमा करना होगा
उन्होंने बताया कि पंजीकरण के बाद लघु तालाब के लिए ₹1000 टोकन मनी ऑनलाइन अथवा यूनियन बैंक की शाखा में जमा करनी होगी। टोकन मनी जमा होने के बाद 15 दिनों के भीतर खेत की फोटो, खतौनी और घोषणा पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
यदि निर्धारित समय में दस्तावेज अपलोड नहीं किए गए तो टोकन मनी जब्त कर दी जाएगी और प्रतीक्षा सूची के अगले किसान को मौका दिया जाएगा।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर चयन
योजना के तहत लाभार्थियों का चयन प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर किया जाएगा। साथ ही फार्मर आईडी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। बिना किसान पहचान पत्र के अनुदान नहीं मिलेगा।
खेत तालाब पर मिलेगा ₹52,500 अनुदान
लघु खेत तालाब निर्माण के लिए किसानों को दो किस्तों में कुल ₹52,500 का अनुदान दिया जाएगा। किसान अपने संसाधनों से लगभग 22×20 मीटर आकार और 3 मीटर गहराई का तालाब बनवा सकते हैं।
यदि किसान बड़े आकार का तालाब बनवाना चाहते हैं, तो अतिरिक्त मिट्टी कार्य का भुगतान मनरेगा दरों के अनुसार किया जाएगा।
मछली पालन और सिंघाड़ा खेती से बढ़ेगी आय
खेत तालाब बनने से वर्षा जल का संचयन होगा और किसान मछली पालन, सिंघाड़ा खेती जैसी गतिविधियों से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।
इसके अलावा तालाब पर वाटर लिफ्टिंग डिवाइस (पंपसेट) लगाने के लिए भी 50 प्रतिशत या अधिकतम ₹15,000 तक अनुदान दिया जाएगा।
किसानों से योजना का लाभ उठाने की अपील
भूमि संरक्षण अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाएं, अपनी आय बढ़ाएं और जल संरक्षण में योगदान दें।

Subscribe to my channel


