बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
बीकानेर पीबीएम हॉस्पिटल में ओबीआरसी यूनिट का लोकार्पण, घुटना इलाज को मिली नई तकनीक

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर | दिनांक: 14 अप्रैल 2026
बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में आज ओ.बी.आर.सी (ऑर्थो बायोलॉजिकल रिजनरेटिव कंसंट्रेट) यूनिट का लोकार्पण एवं थैंक्सगिविंग समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम ट्रॉमा सेंटर स्थित ओपीडी नंबर 26 के नवीनीकृत परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्राम मीणा (संभागीय आयुक्त, बीकानेर) ने फीता काटकर यूनिट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक तकनीक से अब घुटनों के रोगियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर एवं आधुनिक इलाज की सुविधा मिल सकेगी, जिससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
इस नवीनीकृत ओ.बी.आर.सी यूनिट में घुटनों से संबंधित बीमारियों का नवीनतम तकनीक एवं मशीनों के माध्यम से उपचार किया जाएगा। यह तकनीक रिजनरेटिव मेडिसिन पर आधारित है, जिससे मरीजों को बिना बड़े ऑपरेशन के भी राहत मिल सकेगी।
कार्यक्रम में डॉ. बी. सी. घीया (अधीक्षक, पीबीएम हॉस्पिटल), डॉ. बी.एल. खाजोतिया, डॉ. अजय कपूर एवं डॉ. सुरेंद्र चोपड़ा सहित अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहे।
डॉ. अजय कपूर ने बताया कि यह यूनिट घुटनों के दर्द, लिगामेंट इंजरी एवं अन्य ऑर्थोपेडिक समस्याओं के उपचार में अत्यंत प्रभावी साबित होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए थैंक्सगिविंग समारोह भी आयोजित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Subscribe to my channel


