उत्तर प्रदेशदेशधर्मबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में आर्य समाज ने स्व. राम प्रताप आर्य की पुण्यतिथि पर किया वैदिक यज्ञ, दी श्रद्धांजलि

बस्ती, 8 अप्रैल।
आर्य समाज नई बाजार, बस्ती के पदाधिकारियों द्वारा संरक्षक स्वर्गीय राम प्रताप आर्य की पुण्यतिथि के अवसर पर वैदिक यज्ञ का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर आर्य समाज नई बाजार के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि स्व. राम प्रताप आर्य ने बस्ती मंडल में वैदिक धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए तन, मन और धन से निरंतर कार्य किया। उनके प्रयासों से वेद प्रचार, जनजागरण, सामूहिक वैदिक संस्कार कार्यक्रमों और बच्चों के चरित्र निर्माण शिविरों के माध्यम से समाज को नई दिशा मिली। उन्होंने बताया कि उनके कार्यों से कई लोग, जो सनातन मूल्यों से दूर हो रहे थे, पुनः वैदिक धर्म से जुड़ पाए।
अलख निरंजन आर्य ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्व. राम प्रताप आर्य अत्यंत दयालु और समाजसेवी स्वभाव के थे। वे गरीब बच्चों की शिक्षा और जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में हमेशा सहयोग करते थे। उन्होंने अपने बड़े भाई विश्रामदास आर्य के साथ मिलकर स्वामी दयानन्द पूर्व माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की, जो आज भी बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देकर उन्हें आदर्श नागरिक बनाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आदित्यनारायण गिरि, गरुण ध्वज पाण्डेय, ब्रह्मानंद पाण्डेय, नितीश कुमार, अनीशा मिश्रा, महक मिश्रा, अंजली और मान्या जायसवाल द्वारा वृद्धाश्रम, जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, गौशाला कठार जंगल एवं विद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों में फलाहार का वितरण किया गया।
यज्ञ का संचालन करते हुए गरुण ध्वज पाण्डेय ने कहा कि महापुरुषों की पुण्यतिथि हमें उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देती है। उनके द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्य समाज को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं और हमें उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प देते हैं।
इस अवसर पर ओम प्रकाश आर्य, अलख निरंजन आर्य, आनंद स्वरूप आर्य, आदित्य आर्य, अंश आर्य, अर्चना आर्य, रश्मि आर्य, ओंकार आर्य, रजनी आर्य, कंचनलता आर्य, उर्मिला आर्य, राधेश्याम आर्य, रामसनेही सहित अन्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
(रिपोर्ट: गरुण ध्वज पाण्डेय)

Subscribe to my channel


