LIVE TVअपराधबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर: बंद घरों को निशाना बनाने वाले दो चोर गिरफ्तार, लाखों की चोरी का खुलासा

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 7 अप्रैल 2026। पुलिस थाना मुक्ताप्रसाद नगर ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, परिवादिया श्रीमती प्रियंका विश्नोई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 मार्च 2026 को वह अपने घर (शिवाजी नगर, महादेव नगर के पास) को बंद कर पीहर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखी अलमारी से करीब 2 लाख 90 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन, तीन जोड़ी चांदी की पायजेब और बच्चे का चांदी का कड़ा चोरी हो चुका था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश (IPS) और जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने संदिग्धों पर नजर रखते हुए गहन जांच की। मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
सूर्यप्रताप सिंह उर्फ सूरज (23 वर्ष), निवासी मुक्ताप्रसाद नगर, बीकानेर
सुमित उर्फ गोलू (19 वर्ष), निवासी मुक्ताप्रसाद नगर, बीकानेर
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने थाना क्षेत्र की अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल आरोपियों से चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजेन्द्र कुमार सीला के नेतृत्व में सुरेन्द्र कुमार, सतीश कुमार, संजय और छगनलाल सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
Subscribe to my channel


