उत्तर प्रदेशदेशधर्मबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा

एकेश्वरवाद ही सनातन को संगठित करने में समर्थ है-रूपेंद्र आर्य

 बस्ती 5अप्रैल।

*एकेश्वरवाद ही सनातन को संगठित करने में समर्थ है-रूपेंद्र आर्य*

ओम प्रकाश आर्य प्रधान आर्य समाज नई बाजार बस्ती के निर्देशन में आर्य समाज नई बाजार, बस्ती में आयोजित साप्ताहिक सत्संग के अंतर्गत आज आचार्य रूपेंद्र आर्य के ब्रह्मत्व में वैदिक रीति से यज्ञ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर यज्ञ में आहुति प्रदान की और आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान आचार्य रूपेंद्र आर्य प्रशिक्षक आर्य वीर दल उत्तर प्रदेश ने “भगवान और ईश्वर” विषय पर अपने विचार वैदिक प्रमाणों के आधार पर प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि वेदों में ईश्वर को निराकार, सृष्टिकर्ता सर्वव्यापक, सर्वशक्तिमान और न्यायकारी आदि बताया गया है। ईश्वर किसी विशेष रूप, स्थान या व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समस्त सृष्टि का कर्ता, धर्ता और संहारकर्ता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘भगवान’ शब्द का प्रयोग ईश्वर के गुणों के आधार पर किया जाता है, जैसे—ज्ञान, शक्ति, बल, ऐश्वर्य, वीर्य और तेज। इन सभी दिव्य गुणों को जो जीवमात्र की सेवा सुरक्षा के लिए प्रयोग करना अपना परम धर्म समझता है। ऐसे दिव्य गुणों से युक्त महापुरुष को भगवान कहा जाता है। वेदों के अनुसार ईश्वर एक है, अनेक नहीं, और उसी की उपासना करना मनुष्य का परम कर्तव्य है।

योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय ने उपस्थित जनसमूह को अंधविश्वासों से दूर रहकर वेदों के ज्ञान को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यज्ञ, स्वाध्याय और सत्संग के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को शुद्ध और उन्नत बना सकता है। इस अवसर पर वेद कुमार आर्य संरक्षक आर्य वीर दल बस्ती ने स्पष्ट वेदमन्त्र बोलने वाले बच्चों को पेन और बैग देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल गए।

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए आगामी सत्संग में अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की। इस अवसर पर कार्तिकेय, कृष्णा, तनु शर्मा, ऋषि कुमार, वंश मोदनवाल, राजेश्वरी, रिमझिम, पुनीत, राधा, नितीश, उपेन्द्र, विश्वनाथ, धर्मेंद्र कुमार, गणेश आर्य, श्रद्धा, शुभम, अरविंद साहू शिव श्याम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

गरुण ध्वज पाण्डेय।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button