उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में यूपी पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा: डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 15 मार्च 2026 (सू.वि.)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर जनपद बस्ती में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज कप्तानगंज, किसान इंटर कॉलेज मरहा, शिव हर्ष उपाध्याय किसान इंटर कॉलेज तथा शिवहर्ष किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। इस अवसर पर संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के प्रभारी भी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


