खैरथल- तिजारादेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
75 मीटर नियम पर पुनर्विचार की मांग, हजारों व्यापारियों की आजीविका पर संकट

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल/तिजारा। राजमार्ग के केंद्र बिंदु से 75 मीटर की परिधि में स्थित मकानों, दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक संरचनाओं को हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस नेता अजय चौहान ने राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन प्रेषित कर निर्णय पर तत्काल रोक लगाने तथा पुनर्विचार की मांग की है।
ज्ञापन में चौहान ने उल्लेख किया कि 75 मीटर नियम के क्रियान्वयन से हजारों छोटे व मध्यम वर्ग के व्यापारी सीधे प्रभावित होंगे। वर्षों से संचालित व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर संभावित कार्रवाई से न केवल भारी आर्थिक नुकसान होगा, बल्कि अनेक परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक पुनर्वास एवं स्पष्ट मुआवजा नीति के किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई जनहित के विपरीत होगी। ऐसे में राज्य सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित व्यापारियों के हितों की रक्षा करनी चाहिए। ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया है कि राज्य सरकार प्रभावित व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर सर्वसम्मत समाधान निकाले, ताकि सामाजिक व आर्थिक असंतुलन की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही, जब तक पुनर्वास की ठोस नीति घोषित न हो, तब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
चौहान ने उम्मीद जताई कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार न्यायोचित निर्णय लेगी, जिससे हजारों परिवारों की रोजी-रोटी सुरक्षित रह सके और क्षेत्र में शांति व संतुलन बना रहे।

Subscribe to my channel


