उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापार
होली से पहले बस्ती में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1150 किलो संदिग्ध खोया नष्ट

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 21 फरवरी 2026 (सू.वि.)
होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए बस्ती में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सख्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-II/अभिहित अधिकारी चितरंजन कुमार के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जनपद में कई स्थानों पर छापेमारी और नमूना संकलन की कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियमावली 2011 के प्रावधानों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और शुद्ध व सुरक्षित खाद्य पदार्थों के विक्रय के निर्देश दिए गए।
1150 किलो संदिग्ध खोया जब्त
प्रवर्तन दल ने 20 और 21 फरवरी 2026 को अभिसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे गंदगी व दुर्गंधयुक्त अस्वास्थ्यकर अवस्था में पाया गया लगभग 1150 किलोग्राम खोया जब्त कर नष्ट कराया। अधिकारियों के अनुसार यह खोया मिलावट की आशंका के चलते लावारिस हालत में पड़ा मिला था।
टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभेष कुमार, दिनेश चौधरी, अजय कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार वर्मा और श्रीमती अंकिता मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि होली के मौके पर लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।

Subscribe to my channel


