जोधपुरदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
नवनिर्मित जैन चल मंदिर के आसपास सुविधाओं को लेकर विधायक देवेंद्र जोशी को सौंपा गया ज्ञापन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जोधपुर | 10 फरवरी 2026
पाल रोड स्थित आदिनाथ नगर में निर्माणाधीन नवनिर्मित जैन चल मंदिर के आसपास बुनियादी सुविधाओं को लेकर क्षेत्रवासियों ने सुरसागर विधायक देवेंद्र जोशी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन विधायक के निवास स्थान पर मंदिर प्रतिनिधिमंडल द्वारा बुकलेट के रूप में दिया गया।
जैन संघ के प्रवक्ता धनराज विनायकिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आदिनाथ नगर, पाल रोड पर भाईश्री की अनोखी श्री 108 गृह मंदिर योजना के अंतर्गत जैन वर्ल्ड सेंटर, मुंबई द्वारा नवनिर्मित जैन मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। मंदिर के सामने की भूमि असमतल होने के कारण बुजुर्गों, बच्चों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर के सामने पेवर ब्लॉक (टाइल्स) लगवाने की मांग की गई है।
इसके साथ ही ज्ञापन में साईं बाबा मंदिर के पास स्थित सड़क की बदहाल स्थिति की ओर भी विधायक का ध्यान आकर्षित किया गया। बताया गया कि यह सड़क लंबे समय से अत्यंत जर्जर अवस्था में है। जैन साधु-संत नंगे पांव विहार करते हैं, ऐसे में कंकड़-पत्थरों व खराब सड़क के कारण उन्हें अत्यधिक कष्ट सहना पड़ता है। वहीं आम राहगीरों एवं दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी इस सड़क पर चलना बेहद कठिन हो गया है।
ज्ञापन में इन दोनों कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई है।
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में प्यारेलाल हिरण, धनराज विनायकिया, अनिल मेहता, पवन बोथरा, नरेश हिरण, शैलेंद्र जैन, रामस्वरूप जांगिड़, दिलीप नाहर, जितेंद्र डोशी सहित आसपास के क्षेत्रों के अनेक श्रावक-श्राविकाएं एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वहीं क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के तहत आदिनाथ नगर के साथ-साथ कुलदीप विहार, शंकर नगर, जानकी नगर, श्याम नगर, रूप नगर, अरिहंत नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में घर-घर जाकर नागरिकों को इस विषय में जानकारी दी जा रही है। इस अभियान में महेंद्र गांधी, लूणचंद सालेचा, मनोज बोहरा, रावलचंद चौरडिया, महेंद्र फोफलिया, निशांत जैन, गजेंद्र, शिल्पा फोफलिया, कार्तिक, लव्य जैन सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

Subscribe to my channel


