LIVE TVअपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी पुलिस ने फर्जी आईपीएस को पकड़ा, कान पकड़कर घुटनों पर बैठाकर मंगवाई माफी

सॉफ्टवेयर डेवलपर बनकर घूम रहा था नकली अफसर, स्कॉर्पियो पर लिखी थी ‘पुलिस

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी, 17 जनवरी।

भिवाड़ी पुलिस ने एक फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर सरकारी रुतबे का दुरुपयोग करने वाले शातिर युवक को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। आरोपी की पहचान सौरभ तौमर के रूप में हुई है, जो खुद को राजस्थान कैडर का आईपीएस अधिकारी और एसपीजी में एआईजी (अतिरिक्त महानिरीक्षक) बताकर टोल टैक्स, होटलों और अन्य सरकारी व निजी संस्थानों में मुफ्त सुविधाएं ले रहा था।

दिनांक 16 जनवरी 2026 की रात थाना भिवाड़ी में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल को आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वायरलेस हैंडसेट लटकाकर पुलिस अधिकारी जैसा रौब झाड़ रहा युवक जब गहराई से जांच के घेरे में आया, तो उसके फर्जीवाड़े की परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने जब राजस्थान सिविल लिस्ट में नाम की पुष्टि की, तो ऐसा कोई आईपीएस अधिकारी मौजूद ही नहीं पाया गया।

गाड़ी से बरामद हुआ पूरा ‘फर्जी अफसर किट’

तलाशी के दौरान आरोपी की ब्लैक स्कॉर्पियो से —

फर्जी एआईजी आईडी कार्ड

डमी वायरलेस हैंडसेट

‘पुलिस’ लिखी नंबर प्लेट वाली गाड़ी

विजिटिंग कार्ड

आधार कार्ड, पासपोर्ट, चेकबुक

मोबाइल और लैपटॉप

बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लोकसेवक का प्रतिरूपण कर लोगों पर धाक जमाने और आर्थिक लाभ उठाने के लिए यह सब कर रहा था।

पुलिस टीम की सतर्कता से हुआ खुलासा

पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू और वृत्ताधिकारी कैलाश चौधरी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने इस फर्जी आईपीएस को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।

पुलिस अब आरोपी के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कहां-कहां और कितने लोगों को इस फर्जी पहचान से ठगा।

जनता के लिए सख्त संदेश

भिवाड़ी पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि वर्दी और पद की आड़ में धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति खुद को बड़ा अधिकारी बताकर रुतबा दिखाए, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button