उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण पर दिया जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 06 दिसम्बर 2025।
तहसील भानपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुने।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी प्रकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर शिकायत में तथ्यों की गहराई से जांच के बाद ही नियमानुसार निस्तारण किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने पुलिस विभाग से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अपने अधीनस्थ अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिकायत के समाधान में बाधा आती है तो उसे तत्काल उनके संज्ञान में लाया जाए, जिससे समय से कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 55 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 38, पुलिस के 5, विकास से जुड़े 8, कृषि विभाग का 1 तथा नगर पंचायत के 3 मामले शामिल रहे।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक राजेश कुमार, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, कृषि अधिकारी डॉ. बी.एल. मौर्या, तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


