ब्रेकिंग न्यूज़राज्य
भारतीय मजदूर संघ की ऐतिहासिक आक्रोश रैली – श्रमिक अधिकारों की गूंज से गूंजा अहमदाबाद

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
अहमदाबाद, 10 नवम्बर 2025।
भारतीय मजदूर संघ (BMS) द्वारा आज गुजरात प्रदेश में एक विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष श्री जिग्नेश मजूमदार और प्रदेश महामंत्री श्री गिरीश भाई पटेल ने किया। रैली में समग्र भारतीय मजदूर संघ परिवार के सदस्य, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, विभिन्न फ्रंटों के प्रमुख मंत्री तथा संघ से जुड़े 161 ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस ऐतिहासिक आयोजन में डेढ़ लाख से अधिक श्रमिकों ने भाग लेकर सरकार के सामने अपनी मांगें मजबूती से रखीं। रैली में आंगनवाड़ी, आशा, आउटसोर्सिंग कर्मचारी, पीएम पोषण योजना कर्मचारी, गुजरात एसटी निगम कर्मचारी, बोर्ड-निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी, विद्युत बोर्ड कर्मचारी, पानी-गटर योजना कर्मी, नगर पालिका कर्मचारी, असंगठित क्षेत्र के मजदूर, निर्माण मजदूर और भूमिहीन खेत मजदूर सहित समाज के विभिन्न वर्गों के श्रमिकों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों के अधिकार, वेतन, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए यह रैली एक निर्णायक कदम है। भारतीय मजदूर संघ ने हमेशा श्रमिकों की आवाज को बुलंद किया है और भविष्य में भी उनके हक की लड़ाई जारी रखेगा।
प्रदेश महामंत्री श्री दयाभाई करण (कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ, गुजरात प्रदेश) ने कहा कि “बीएमएस की पहचान त्याग, तपस्या और बलिदान से है। हमें मिलकर श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा।”
रैली के अंत में यह संदेश दिया गया कि भारतीय मजदूर संघ श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अधिकारों के लिए लगातार सरकार से संवाद और आंदोलन दोनों जारी रखेगा।
नारा गूंजा:
👉 “भारतीय मजदूर संघ जिंदाबाद!”
👉 “श्रमिक एकता – ज़िंदाबाद!”

Subscribe to my channel


