बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षाहनुमानगढ़
शिक्षक संघ का जिला अधिवेशन सम्पन्न, सरकार से 21 सूत्री मांग पत्र प्रस्तुत

बीकानेर से डॉ राम दयाल भाटी
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सेन धर्मशाला में राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला स्तरीय दो दिवसीय बैठक सम्पन्न हुई। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि डाइट प्रधानाचार्य मनोहर लाल बिस्सू तथा जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) जितेंद्र कुमार रहे।
अधिवेशन में सैकड़ों शिक्षकों की उपस्थिति में संगठन ने सरकार के समक्ष 21 सूत्री मांग पत्र प्रस्तुत किया। इसमें भादरा से प्रदेश कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष राजेश कस्वां ने शिक्षा मंत्री द्वारा विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान शिक्षकों से मोबाइल पकड़ने के वीडियो बनाकर सस्ती लोकप्रियता बटोरने का पुरजोर विरोध किया। संघ ने आह्वान किया कि 1 अक्टूबर से कोई भी शिक्षक विद्यालय में मोबाइल लेकर नहीं जाए तथा मोबाइल के बिना जितना संभव हो डिजिटल शिक्षा में योगदान दें। ताकि सरकार को यह एहसास हो कि प्रत्येक शिक्षक अपनी जेब से पैसे खर्च कर मोबाइल का उपयोग करते हुए शाला दर्पण, यू-डाइस, विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थित, दीक्षा एवं निष्ठा जैसे डिजिटल कार्यक्रमों के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियाँ संचालित कर रहे हैं, जबकि सरकार पाठ्यपुस्तक जैसी मूलभूत सुविधाएँ भी समय पर उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
संघ के जिला अध्यक्ष सोम सेन ने सरकार से मांग की जाने वाली अन्य महत्वपूर्ण मांगों को भी सदन में प्रस्तुत किया। इनमें —
स्थानांतरण नीति को पारदर्शी बनाना,
परस्पर स्थानांतरण को तुरंत खोलना,
सभी कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से ओपीएस में जोड़ते हुए एनपीएस कटौती की राशि को पुरानी पेंशन स्कीम से जोड़ना,
प्रतियोगी परीक्षाओं व अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की लगातार ड्यूटी पर रोक,
संविदा शिक्षकों व सहायक अध्यापकों का स्थायीकरण,
विद्यालयों में बीएलओ ड्यूटी से शिक्षकों को मुक्त करना,
छात्रवृत्ति, साइकिल एवं पाठ्यपुस्तक वितरण जैसी योजनाओं को समय पर लागू करना शामिल हैं।
संगरिया ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद थोरी ने विशेष शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं को मांगपत्र में शामिल करने की बात रखी।
इस अवसर पर डाइट प्रधानाचार्य मनोहर लाल ने शिक्षकों से अपने कर्तव्य निर्वहन के साथ विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण का विशेष आह्वान किया। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी (मा.) जितेंद्र बठला ने शिक्षकों से कहा कि वे अपनी प्रत्येक मांग को शोधपूर्ण तथ्यों व डाटा के आधार पर सरकार के समक्ष रखें, ताकि उन्हें समझना और पूरा करना आसान हो सके।
समापन सत्र में मुख्य अतिथियों को शिक्षा संत स्वामी केशवानंद जी का चित्र स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट किया गया। मंच संचालन उदय सिंह बैनिवाल ने किया।
दूसरे दिन का कार्यक्रम
अधिवेशन के दूसरे दिन संघ की जिला कार्यकारिणी के लिए चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी संतलाल के निर्देशन में सम्पन्न हुई। जिसमें सर्वसम्मति से सत्र 2025-26 के लिए निम्न पदाधिकारियों का चयन हुआ —
जिला अध्यक्ष : सोम सैन
जिला मंत्री : पवन कुमार सोनी
जिला कोषाध्यक्ष : ओमप्रकाश कालवा
उपाध्यक्ष : कालूराम वर्मा
संरक्षक : हंसराज बिस्सू
सभा अध्यक्ष : श्री राय सिंह तंवर

Subscribe to my channel


