बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
महावीर इंटरनेशनल एवं डागा ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 290 मरीजों की हुई जांच

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा।
महावीर इंटरनेशनल बालोतरा एवं खूबचंद महावीरचंद डागा चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महावीर डागा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में निःशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अहमदाबाद के स्टर्लिंग हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 290 मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में स्टर्लिंग हॉस्पिटल अहमदाबाद के एसोसिएट डायरेक्टर (ऑर्थोपेडिक्स एवं ट्रॉमा) डॉ. हिमांशु माथुर ने हड्डी रोगों की जांच की, वहीं न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन डॉ. अंकित प्रजापति ने रीढ़ की बीमारियों से संबंधित मरीजों को परामर्श दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत ने महावीर इंटरनेशनल एवं ट्रस्ट की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ बालोतरा क्षेत्र को मिलना बेहद प्रशंसनीय है।
अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम बांठिया ने संगठन के मूल मंत्र “सबको प्यार, सबकी सेवा” को दोहराते हुए कहा कि महावीर इंटरनेशनल निरंतर सेवाभाव से ऐसे आयोजन कर रही है। उन्होंने स्टर्लिंग हॉस्पिटल के डॉक्टरों का आभार जताते हुए कहा कि डागा ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक रविवार को भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
नगर परिषद के पूर्व सभापति पारसमल भंडारी एवं ट्रस्ट के मैनेजिंग इंडस्ट्री शांतिलाल डागा ने बताया कि महावीर हॉस्पिटल में प्रत्येक रविवार को नेत्र रोग, ईएनटी, त्वचा रोग, हड्डी रोग सहित फिजिशियन की सेवाएं निशुल्क प्रदान की जाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिविर प्रभारी महेंद्र चोपड़ा ने स्वागत भाषण एवं जवेरीलाल मेहता ने आभार व्यक्त किया। सुरेश गोठी ने बताया कि ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक कुमार डागा सहित स्टाफ एवं महावीर इंटरनेशनल के सदस्यों ने शिविर की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेन्द्र जैन, उपनिदेशक जवाहरलाल हुंडिया, प्रमिला सालेचा, रमेश त्रिवेदी, वीरा केंद्र चेयरपर्सन चंद्रा बालड सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
समापन अवसर पर डॉ. हिमांशु माथुर, डॉ. अंकित प्रजापति एवं ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी शांतिलाल डागा का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

Subscribe to my channel


