माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बीकानेर के निर्देशानुसार लूणकरणसर के भवाल कटला, कालू रोड पर एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन पीएलवी पैनल सदस्य श्रेयांश बैद एवं पुष्पेंद्र चौधरी द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को नालसा (नशीली दवाओं के दुरुपयोग के पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं एवं नशीली दवाओं के खतरों का उन्मूलन) योजना 2015 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि यह योजना नशे की गिरफ्त में आए लोगों को कानूनी मदद, पुनर्वास तथा सामाजिक पुनःस्थापन की दिशा में सहयोग प्रदान करती है। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर पड़ने वाले इसके गंभीर प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा, अनुसूचित जाति एवं जनजातियों के विरुद्ध होने वाले अत्याचारों और अस्पृश्यता के मामलों को लेकर भी जानकारी दी गई। लोगों को एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 तथा पीसीआर अधिनियम, 1955 के प्रावधानों की जानकारी दी गई, जिससे वे अपने अधिकारों को समझ सकें और किसी भी प्रकार के भेदभाव या उत्पीड़न की स्थिति में विधिक सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और इस जागरूकता पहल की सराहना की।