जिला स्तर का योग प्रशिक्षण शिविर संपन्न

ब्यूरो चीफ सतीश कुमार महेंद्रगढ़ हरियाणा
नारनौल 16 जून। हरियाणा योग आयोग के सदस्य डॉ मदन मानव ने कहा कि आधुनिक युग में मनुष्य अपनी काया को छोड़कर माया की तरफ भाग रहा है। यही संसार में दुखों का सबसे बड़ा कारण है। अगर हर मनुष्य योग को अपने जीवन का हिस्सा बना ले तो समाज बहुत ही सुखी, समृद्ध, सुंदर, संतुष्ट व आनंदित हो जाएगा। श्री मानव आज स्थानीय आईटीआई मैदान में जिला स्तर के योग प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का मूल उद्देश्य सुख व आनंद में रहते हुए सभी को सुखी और आनंदित करते हुए मोक्ष प्राप्त करना है। संसार में पहला सुख निरोगी काया है लेकिन आज के भौतिकवादी युग में इसे उल्टा कर दिया है। आज पहला सुख माया को समझने लगे हैं। इसी कारण विश्व में संघर्ष हो रहा है।
योग आयोग के सदस्य ने कहा कि योग का आयोजन केवल एक दिन का नहीं बल्कि इसे पूरे साल इसी तरह अपने जीवन में धारण करना चाहिए, तभी योग की सार्थकता सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में हमारी प्राचीन पद्धति को स्वीकार किया है। यह हम सब के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार लगातार योग को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। सरकार का मुख्य मकसद है कि प्रत्येक नागरिक निरोगी रहकर इस देश के विकास में अपना योगदान दे।

योग प्रशिक्षु नीलेश, बजरंग तथा अरुण कुमार ने प्रोटोकॉल के अनुसार योगिक क्रियाएं करवाई।
इसके अलावा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से बहन मधु ने शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक तौर पर मजबूत रहने के सिद्धांतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
Subscribe to my channel


