डाक संभाग के जिलों में शिविर लगाकर खोले जा रहे हैं ‘’लाड़ली बहना योजना’’ के खाते
(संवाददाता:- करण सिंह ठाकुर)
गुना भारतीय डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से लाड़ली बहना योजना के लिए महिलाओं के खाते खोले जा रहे हैं। अधीक्षक डाकघर गुना विनय श्रीवास्तव ने इस संबंध में बताया कि गुना संभाग में तीनों जिलों गुना, अशोकनगर, शिवपुरी में प्रतिदिन 1500 लाड़ली बहनों के खाद्य डाक विभाग के माध्यम से खोले जा रहे हैं। इसके अलावा प्रतिदिन 2,000 से अधिक लाड़ली बहनों के ई-केवाईसी अपडेशन का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पोस्ट आफिस द्वारा संचालित इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता खोलने की कार्यवाही ऑनलाइन की जाती है। संभाग के 500 जीडीएस, पोस्टमैन घर-घर जाकर इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में महिलाओं के खाते खोल रहे हैं। भारतीय डाक विभाग के तीनों जिलों में 400 से अधिक डाकघर संचालित हैं, जिनके द्वारा इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के खाते खोले जाते हैं। इसमें लाड़ली बहना योजना के लिए महिलाओं के डीबीटी खाते खोले जा रहे हैं। जिसमें किसी भी डायरेक्ट बेनीफिट स्कीम की राशि प्राप्त की जा सकेगी। हितग्राहियों को पेपरलेस बैंकिंग के क्यूआर कार्ड भी वितरित किए जा रहे हैं। ऑनलाइन खाता खोलना बहुत आसान है। केवल दो से पाँच मिनट की अवधि में मोबाइल एवं बायोमेट्रिक डिवाइस से किसी भी व्यक्ति का खाता खुल जाता है। खाता खोलने के लिए आधार पंजीयन तथा समग्र आईडी का होना आवश्यक है। हितग्राही के मोबाइल में ओटीपी के माध्यम से ऑनलाइन खाता खोला जाता है। मोबाइल नम्बर न होने पर बायोमेट्रिक डिवाइस से खाता खोला जाता है।अधीक्षक ने तीनों जिलों के समस्त लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों से अनुरोध किया है कि वह अपने निकटवर्ती डाकघर में जाकर बहुत ही आसानी से अपना खाता खुलवा सकते हैं ।

Subscribe to my channel


