उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापार

प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र कुमार ने किया बस्ती कृषि विज्ञान केंद्र का दौरा, प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 29 जुलाई 2025:

उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव (कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन) श्री रविन्द्र कुमार ने मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र-बस्ती का भ्रमण किया। उन्होंने केंद्र पर स्थापित प्रमुख प्रदर्शन इकाइयों जैसे वर्मी कम्पोस्ट, अजोला, फ्रूट प्लांट नर्सरी, जगरी यूनिट आदि का निरीक्षण किया और इनके कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों की उत्पाद प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए उन्होंने काला नमक चावल, जैविक उत्पाद, सब्जियाँ, फल एवं मोटे अनाज जैसे कृषि उत्पादों की सराहना की। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए उनकी तकनीकों एवं चुनौतियों को समझा।

कृषक सम्मेलन का दीप प्रज्वलन कर उद्घाटन करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि सघन बागवानी, जैव उर्वरक व जैव रसायन, और धान की डीएसआर पद्धति जैसी उन्नत तकनीकों को अपनाकर किसान प्रति वर्ग मीटर में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा तैयार की जा रही नर्सरी से अधिकतम लाभ उठाने पर भी ज़ोर दिया।

Advertisement

सम्मेलन में 225 से अधिक किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. राम बटुक सिंह (निदेशक, प्रसार), डॉ. एस.के. तोमर (अध्यक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र), डॉ. एस.एन. सिंह (पूर्व अध्यक्ष), डॉ. प्रेम शंकर, डॉ. अंजलि वर्मा, हरिओम मिश्रा, और अन्य विशेषज्ञों ने मशरूम उत्पादन, पोषण थाली, प्राकृतिक खेती, बागवानी आदि विषयों पर जानकारी साझा की।

इस कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक कृषि राम बचन कनौजिया, उपनिदेशक अशोक गौतम, जिला कृषि अधिकारी बाबूराम मौर्य, और कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विशेष रूप से प्रगतिशील कृषक रमेश बहादुर सिंह को 80 आम की प्रजातियों के रोपण हेतु सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कर्नल के.सी. मिश्रा, परमानन्द सिंह, अहमद अली, पुष्पा गौतम, विक्रम चौधरी सहित 15 से अधिक किसानों को प्रशस्ति पत्र व साफा भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रमुख सचिव ने आश्वस्त किया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल किया जाएगा और कृषि विभाग सभी किसान हितैषी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में तत्पर रहेगा।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button