थाना पलिया पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए एक गुमशुदा बालिका को उसकी मां से सकुशल मिलवाकर एक मिसाल पेश की है। घटना के अनुसार, आज एक अज्ञात बालिका थाना पलिया क्षेत्र में घूमती हुई पाई गई। पूछताछ के दौरान वह अपना नाम-पता और परिजनों की जानकारी देने में असमर्थ रही।
बालिका को तत्क्षण थाना पलिया में स्थापित महिला हेल्प डेस्क पर महिला आरक्षी की देख-रेख में रखा गया। थानाध्यक्ष पलिया के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने तत्परता दिखाते हुए बालिका की पहचान सुनिश्चित करने के लिए मीडिया ग्रुप व स्थानीय स्तर पर व्यापक सूचना प्रसारण शुरू किया।
टीम द्वारा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लोगों से बालिका की तस्वीर दिखाकर पूछताछ की गई। अभियान के कुछ ही समय बाद बालिका की पहचान कु. सोनिका के रूप में हुई। उसकी माता श्रीमती सुमन देवी पत्नी रामविलास, निवासी बबौरा, थाना मझगई, जनपद खीरी थाना पलिया पहुंचीं और अपनी पुत्री के रूप में बालिका की शिनाख्त की।
प्रक्रियात्मक सत्यापन उपरांत पुलिस द्वारा बालिका को सकुशल उसकी मां को सुपुर्द कर दिया गया। पलिया पुलिस की इस तत्पर कार्यवाही की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।
गठित पुलिस टीम में शामिल थे:
उ0नि0 शैलेन्द्र कुमार
कां0 परीक्षित सैनी
कां0 पवन कुमार वर्मा
म०आ० राखी
इस सराहनीय पहल से न सिर्फ एक मां को उसकी बेटी वापस मिली, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और भी मजबूत हुआ।