कांग्रेस प्रत्याशी बोले-ऐतिहासिक रोड शो ने दिया परिवर्तन का संदेश,जनता का भरोसा ही मेरी ताकतः मोहन खेड़ा
Congress candidate said- The historic road show gave the message of change, the trust of the people is my strength: Mohan Kheda

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल
रूद्रपुर। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा ने चुनाव प्रचार थमने के बाद मीडिया को जारी बयान में कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान शहर की जनता ने उन्हें अपार स्नेह और आशीर्वाद दिया है, जिसे वह कभी नहीं भूल पायेंगे। उन्होंने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर की जनता का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। भाजपा के जुमले और अलोकतांत्रिक हथकण्डे इस चुनाव में काम नहीं आयेंगे। कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जनता इस बार खुद चुनाव मैदान में है। जनता भाजपा के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।
कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि आज बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध उत्तराखंड की पहचान बन चुके हैं। इसीलिए निकाय चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाने के मूड में आ गई है। कांग्रेस मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस के मुद्दे बिल्कुल स्पष्ट है। भाजपा जनता को मुद्दों से भटकाने का काम कर रही है। झूठे वादे करके विकास के नाम पर लोगों को ठगने का फिर से प्रयास किया जा रहा है। हकीकत में भाजपा के पास विकास का कोई विजन ही नहीं है। कांग्रेस के समय में विकास की जो योजनाएं लागू की गईं थीं भाजपा सरकार ने उन्हें भी ठप कर दिया है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने हर किसी को निराश किया है। कांग्रेस सभी धर्मों और वर्गों को समान रूप से साथ लेकर चलने वाली पार्टी है, जो भाजपा की तरह धर्म और जाति की राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा कि हमारा विजन स्पष्ट है। हम मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं। हमने जो नौ वायदे जनता से किये हैं इन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे।
उन्होंने ने कहा कि शहर में नजूल और दानपात्र की भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता हैं। इसके अलावा प्रीपेड मीटर किसी भी सूरत में नहीं लगने देंगे। शहर आज जाम नगर बन चुका है, लोगों को जाम से छुटकारा दिलाया जायेगा शहर में व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा होगी। जलभराव का स्थाई समाधान किया जायेगा। कल्याणी नदी को विलुप्त होने से बचाने के लिए इसे पुनरजीवित किया जायेगा। मोहन खेड़ा ने कहा कि शहर की मलिन बस्तियों में आज भी लोग बदतर हालत में जी रहे हैं, इन मलिन बस्तियों की पिछले कई वर्षो से उपेक्षा होती रही है, वह मेयर बने तो मलिन बस्तियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इसके अलावा शहर के बुद्धिजीवी वर्ग,वकीलों, वरिष्ठ नागरिकों, डॉक्टरों और व्यापारियों की एक समिति बनायी जायेगी यह समिति शहर के विकास के लिए सुझाव देगी और इसे एक नई दिशा में ले जाने में सहयोग करेगी।
मोहन खेड़ा ने कहा कि प्रचार के अंतिम दिन निकले रोड शो में उमड़ी हजारों की भीड़ ने यह साफ संदेश दे दिया है कि अब जनता अब जाग गयी है और बदलाव चाहती है। खेड़ा ने कहा कि जनता ने इस चुनाव में उन्हें भरपूर प्यार और आशीर्वाद दिया है, शहर के सभी वार्डों में जनता ने उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह जो प्यार दिया उसे कभी भुला नहीं पायेंगे। खेड़ा ने कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी ताकत है और वह इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि यह चुनाव रूद्रपुर के भविष्य का चुनाव है। भाजपा के दो मेयरों का कार्यकाल जनता देख चुकी है। दस सालों में इनके पास एक भी उपलब्धि नहीं है। इन्होंने सिर्फ अपना विकास किया। जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। रूद्रपुर महानगर बने हुए दस साल बीत चुके हैं। इन दस सालों में भाजपा दस काम भी नहीं कर पायी जो जनता को राहत दे सकें। यही वजह है कि आज भाजपा को हार का डर सता रहा है। ओर चुनाव में वह वह धर्म की राजनीति करने लगे हैं। पहले ही शहर के सैकड़ों कारोबारियों के रोजगार छीनकर भाजपा के लोग उन्हें सड़क पर ले आये है अब खुलेआम चुनाव में दूसरे समुदाय के लोगों का रोजगार छीनने की बात कर रहे हैं।
मोहन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस लोगों का रोजगार छीनने का नहीं बल्कि उन्हें रोजगार देने का काम करती है। इसी लिए घोषणा पत्र में हमने नगर निगम में 500 नई नियुक्ति करने का फैसला लिया है। जनता का आशीर्वाद मिला तो जो वायदे चुनावी घोषणा पत्र में किये गये हैं उन्हें हर हाल में पूरा करके दिखायंेगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी इस शहर का विकास किया है और आगे भी कांग्रेस ही इसका विकास करेगी। मोहन खेड़ा ने शहर के सुनहरे भविष्य के लिए लोगों से 23 जनवरी को कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।