उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, नागरिकों को उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों की दी गई जानकारी
खाद्य सुरक्षा, सूचना का अधिकार और पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना पर दी गई जानकारी, जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाने की अपील

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज श्री शमसुल हक के दिशा-निर्देशन में स्वामी विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कॉलेज, रिठिया, संसारपुर बस्ती में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री देवेंद्र कुमार प्रथम ने नागरिकों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा नागरिकों को जो अधिकार और गारंटियां प्रदान की गई हैं, उनका अनुपालन सुनिश्चित होना चाहिए। समाज के प्रत्येक वर्ग को कानून की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें और केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
श्री देवेंद्र कुमार प्रथम ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं सूचना का अधिकार अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत पात्र नागरिकों को खाद्यान्न प्राप्त करने का अधिकार है। वहीं, सूचना का अधिकार कानून नागरिकों को संबंधित सार्वजनिक एवं अर्धशासकीय संस्थाओं से आवश्यक सूचनाएं प्राप्त करने का अधिकार प्रदान करता है।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना के बारे में बताते हुए कहा कि आपराधिक मामलों में पीड़ित पक्षकार द्वारा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने पर नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के माध्यम से जमानत, विचारण एवं रिमांड के स्तर पर जरूरतमंद लोगों को कुशल अधिवक्ताओं द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री कौशल किशोर श्रीवास्तव ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जागरूकता केवल कानून तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि नागरिकों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने भारतीय संविधान में नागरिकों को प्राप्त मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि संविधान नागरिकों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान करता है।
उन्होंने आपसी विवादों को बातचीत एवं मध्यस्थता प्रणाली के माध्यम से सुलझाने पर जोर दिया। साथ ही बताया कि पराविधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से थाना, अस्पताल एवं तहसील स्तर पर भी लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी विवेकानंद इंस्टीट्यूट कॉलेज समूह के अध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश सिंह ने की। उन्होंने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं स्वामी विवेकानंद का चित्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत एवं मां सरस्वती के चित्र पर मुख्य अतिथि द्वारा माल्यार्पण के साथ हुई।
इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्य, शिक्षकगण, जिला चिकित्सालय के सर्जन डॉ. हनुमान सिंह सहित पराविधिक स्वयंसेवक बृजवासी लाल शुक्ल एवं सुशील कुमार उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


