उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व और लाभों पर गोष्ठी आयोजित
यज्ञ-हवन के साथ प्रतिभागियों को कराया गया विभिन्न चिकित्सा विधियों का व्यावहारिक अभ्यास

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। 9वें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर दिव्यम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान तथा संकल्प योग वेलनेस सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में पंडित राजन महिला डिग्री कॉलेज, पचपेड़िया, बस्ती में प्राकृतिक चिकित्सा गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ-हवन के साथ हुआ।
गोष्ठी के दौरान प्राकृतिक चिकित्सा की विभिन्न विधियों जैसे जल नेति, सूत्र नेति, स्टीम बाथ, मड बाथ, शिरोधारा एवं आईवॉश आदि का प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। साथ ही इन विधियों की उपयोगिता, विशेषताओं एवं स्वास्थ्य संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विश्व संवाद परिषद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रकोष्ठ, भारत के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा हमारी प्राचीन भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। प्रकृति के पंचमहाभूतों के माध्यम से शरीर को स्वस्थ रखने, दिनचर्या में सुधार लाने तथा रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में प्राकृतिक जीवनशैली एवं योग को अपनाना चाहिए।
योगाचार्य राम मोहन पाल ने कहा कि नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम और प्राकृतिक चिकित्सा को जीवनशैली में शामिल करके व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रह सकता है। जल नेति, सूत्र नेति, मड बाथ सहित अन्य प्राकृतिक चिकित्सा विधियों का अभ्यास उचित प्रशिक्षण एवं आवश्यक सावधानियों के साथ करना चाहिए। स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और प्राकृतिक जीवनशैली आवश्यक है।
योगाचार्य श्रवण कुमार ने प्राकृतिक चिकित्सा की विभिन्न विधियों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रकृति के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जीवनशैली में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को स्थान देना चाहिए।
दिव्यम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान की संचालिका योगाचार्या सन्नो दुबे ने कहा कि महिलाओं एवं युवाओं को प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक करना बेहद आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजनों से लोगों को प्राकृतिक उपचार पद्धतियों की जानकारी मिलती है और वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।
वहीं योगाचार्य वेदांत सिंह ने प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न प्रयोगों एवं उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग और प्राकृतिक चिकित्सा का उद्देश्य समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा प्रकृति के अनुकूल जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने प्राकृतिक चिकित्सा की विभिन्न विधियों का व्यावहारिक अभ्यास किया और उनके बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का संदेश समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। प्रिया चौधरी उपस्थित रहीं ।

Subscribe to my channel


