उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में मतदाता जागरूकता को लेकर जनपद स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित, युवाओं को मतदान के प्रति किया जागरूक

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 18 नवंबर 2026। भावी एवं युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में मतदाता साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club) के तत्वावधान में जनपद स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा मतदाताओं को उनके मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के महत्व से परिचित कराना है। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र एवं मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किए। वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से निर्वाचन संबंधी उनके ज्ञान एवं जागरूकता का मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती के प्रधानाचार्य डॉ. विजय प्रकाश वर्मा ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में जागरूक मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा भविष्य में निष्पक्ष, निर्भीक एवं अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए स्वयं जागरूक होने के साथ ही समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करती हैं।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में उदयभान सिंह, रामचन्द्र यादव एवं डॉ. शिवाशुतोष मिश्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन में अजय प्रकाश लाल श्रीवास्तव, अमित कुमार यादव, बलवंत पटेल एवं राहुल तिलौलिया ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कुल 10-10 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी और मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Subscribe to my channel


