बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

राजस्थान संपर्क पोर्टल पर परिवेदनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, टाइमलाइन एस्केलेशन हो शून्य – जिला कलेक्टर

जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने ली संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

बीकानेर, 17 नवंबर। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित एवं निस्तारित परिवेदनाओं की समीक्षा के लिए सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करते हुए टाइमलाइन एस्केलेशन को शून्य रखा जाए।

जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी परिवेदनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा समय सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग को अन्य विभाग से संबंधित परिवेदना प्राप्त होती है, तो उसे बिना विलंब किए तत्काल संबंधित विभाग को अग्रेषित किया जाए।

उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), सीपी ग्राम की लंबित परिवेदनाओं की भी समीक्षा की और इनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, बीकानेर द्वारा परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण एवं लंबित प्रकरणों की संख्या नगण्य रखने पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरुण शर्मा की सराहना की। उन्होंने परिवेदनाओं के निस्तारण में संतुष्टि के स्तर में सुधार करने वाले विभागों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) में 15 दिन से अधिक समय से लंबित सर्वाधिक 27 परिवेदनाएं होने पर जिला कलेक्टर ने इनके प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

*अक्टूबर में परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय रहा 13 दिन*

बैठक में बताया गया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर अक्टूबर माह में बीकानेर जिले की रैंकिंग प्रदेश में 19वीं रही। इस दौरान परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 13 दिन रहा तथा कुल प्राप्त परिवेदनाओं में से लगभग 78 प्रतिशत का निस्तारण किया गया। वहीं टाइमलाइन एस्केलेशन घटकर 7.3 प्रतिशत रह गया तथा परिवादियों के संतुष्टि स्तर में सुधार होकर 66 प्रतिशत पहुंच गया।

बैठक में बीडीए कमिश्नर सुश्री धायगुडे स्नेहल नाना, नगर निगम कमिश्नर श्री सिद्धार्थ पलानीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, एडीएम प्रशासन श्री उम्मेद सिंह रतनू, आईएएस श्री मनु गर्ग, एसडीएम एवं आईएएस सुश्री महिमा कसाना, एडीपीएस श्रीमती सुमन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button