उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

बस्ती में सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न, डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने दिए सख्त निर्देश

निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा का समय से निरीक्षण करने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह

बस्ती, 24 अक्टूबर 2026। जनपद के समस्त विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में सेक्टरवार तैनात सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों, क्षेत्रीय भ्रमण, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और चुनाव के दौरान प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें अधिकारी

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर मतदान केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं और समय रहते उसका निराकरण सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी रखें। निर्वाचन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।

निर्वाचन कार्य में लापरवाही नहीं होगी स्वीकार : डीएम

डीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों का सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

प्रशिक्षण में ये अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सुश्री मानसी दहिया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह, नौशीन, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रदुम्न कुमार, अहमद फरीद खान, हिमांशु कुमार, उमाकान्त तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button