बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

दीपावली से पहले पुरानी जेल रोड सर्किल की बदहाली दूर करने की मांग, वंदे मातरम टीम ने दी आंदोलन की चेतावनी

बीकानेर में पुरानी जेल रोड सर्किल पर गंदगी के अंबार, बंद पड़ी रोड लाइटों और खुले नालों को लेकर रोष, नगर निगम आयुक्त के घेराव की चेतावनी

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 19 अक्टूबर 2026। दीपावली का पर्व नजदीक आते ही बीकानेर शहर के प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शहर के पुरानी जेल रोड सर्किल की बदहाल स्थिति को लेकर वंदे मातरम टीम बीकानेर ने नाराजगी जताते हुए नगर निगम प्रशासन से दीपावली से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की है।

वंदे मातरम टीम के अनुसार, पुरानी जेल रोड सर्किल के चारों तरफ गंदगी, कचरे, मलबे और अन्य अवशेषों के ढेर लगे हुए हैं। जगह-जगह खुले पड़े नालों के कारण आसपास के क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे आम नागरिकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

खुले नाले बने गोवंश के लिए खतरा, दो की मौत का दावा

वंदे मातरम टीम ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि क्षेत्र में खुले पड़े नाले में अब तक चार बार गोवंश गिर चुके हैं, जिनमें से दो गोवंश की मृत्यु भी हो चुकी है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा नालों को ढकने की उचित व्यवस्था नहीं की गई है।

टीम ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए खुले नालों पर तत्काल पट्टियां लगवाई जाएं।

लंबे समय से बंद पड़ी हैं रोड लाइटें

टीम के अनुसार, पुरानी जेल रोड सर्किल के चारों तरफ लगी रोड लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इसके चलते शाम होते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है।

टीम ने क्षेत्र में पूर्व में लूटपाट की घटनाएं होने का हवाला देते हुए कहा कि प्रकाश व्यवस्था का अभाव आम नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से भी चिंताजनक है।

दीपावली से पहले समाधान नहीं हुआ तो आयुक्त का करेंगे घेराव

वंदे मातरम टीम बीकानेर के संयोजक विजय कोचर ने नगर निगम प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि दीपावली से पहले पुरानी जेल रोड सर्किल और आसपास के क्षेत्र की संपूर्ण सफाई करवाई जाए। साथ ही सभी बंद पड़ी रोड लाइटों को चालू करवाया जाए और खुले नालों पर पट्टियां लगाकर उन्हें सुरक्षित किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दीपावली से पहले इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वंदे मातरम टीम द्वारा नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपने के साथ उनका घेराव भी किया जा सकता है।

टीम ने प्रशासन से शहर के इस प्रमुख मार्ग की बदहाली पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button